जाफरगंज। थाना क्षेत्र के खानपुर कदीम गांव में शुक्रवार रात तीन घरों में चोरी की घटनाओं में पुलिस ने गांव से तीन संदिग्धों को उठाया है। पुलिस को शक है कि चोरियों में गांव के ही लोगों का हाथ है जो परिवारों के घरों से अच्छी तरह परिचित थे। मामले के खुलासे के लिए थाना स्तर पर दो टीमें बनाई गई हैं।
गांव निवासी नरेंद्र वर्मा, रोहित उमराव और मनोज कुमार के घरों में रात को चोरी हुई। नकदी और जेवरात समेत करीब छह लाख रुपये की चोरी हुई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। रविवार को पुलिस ने परिवार से पूछताछ की। तीनों घरों में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद पाई गई।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। संदिग्ध गतिविधियों वाले तीन युवकों से पूछताछ की जा रही है। सीओ बृजमोहन राय ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और संदिग्धों से पूछताछ कर कार्रवाई की जा रही है।