अलग-अलग स्थानों पर दुर्घटनाओं के काल में बुधवार को तीन लोग मौत के मुंह में समा गए। वहीं आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसों से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
असोथर थाना क्षेत्र के कुसंभी गांव निवासी राहुल तिवारी (28) पुत्र स्व. राजू तिवारी परिवार के साथ कानपुर में रहते थे। वह मंगलवार मध्यरात्रि इलाहाबाद से कानपुर जा रहे थे।
थरियांव थाना क्षेत्र हंसवा पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे। हाइवे पर ट्रक की उनकी इंडिका कार से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार बेकाबू होकर हाइवे खाई में पलट गई।
राहुल की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार से मृत हालत में राहुल के शव को बाहर निकाला। उधर, गाजीपुर थाना क्षेत्र के गंभरी गांव निवासी राजेश (30) पुत्र पूरन रैदास, सुखराम (35) पुत्र रामविशाल टेंट का सामान छोड़ने झाऊपुर कोतवाली सदर गांव के ट्रैक्टर में चालक दिनेश (32) पुत्र बुद्धराज के साथ जा रहे थे।
दसवांमील के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में राजेश और सुखराम की हालत नाजुक देखकर कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
कानपुर में इलाज के दौरान बुधवार को राजेश की मौत हो गई। इधर, शहर के हरिहरगंज रेलवे क्रासिंग पर एक वृद्ध बुधवार दोपहर को पार कर रहा था। अचानक ट्रेन के झोके की चपेट में आकर गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी इलाज दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं थरियांव थाना क्षेत्र के देवार गांव निवासी देवीप्रसाद के पुत्र हरिश्चंद्र बाइक से कानपुर जा रहा था। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के चौडगरा के पास बाइक सवार की मैजिक से टक्कर हो गई। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कानपुर बर्रा निवासी अजय यादव पुत्र रामौतार चालक ट्रक और खलासी राकेश यादव निवासी धीरपुर घाटमपुर हैं। ट्रक में आंगनबाड़ी का भाड़ा लादकर ऊरई से गाजीपुर जिला जा रहे थे।
थरियांव हाइवे पर बुधवार दोपहर को खड़े ट्रक में ट्रक जा घुसा। हादसे में दोनों घायल हुए। मलवां थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव निवासी सुरेंद्र लोधी पुत्र रामगोपाल बाइक से शहर आया था। पथरकटा चौराहे पर बाइक सवार के आगे जा रहे कार चालक ने अचानक गेट खोल दिया। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।