फतेहपुर जिले में सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों से परिजनों में रोना-पीटना मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। शाह प्रतिनिधि के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के केवई निवासी रामचंद्र का पुत्र सुभाष(18) सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज में हाईस्कूल का छात्र था। वह बाइक से शहर किसी काम से आया था। यहां से लौटते समय मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजनों को खबर दी। हादसा स्थल पर बेटे का शव देखकर पिता बदहवास हो गए। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे मां विमला देवी बेहाल हैं। मृतक के पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस को मौके पर हेलमेट नहीं मिला।
जहानाबाद प्रतिनिधि के अनुसार मोहल्ला मियां टोला खटिकियाना निवासी सरजू प्रसाद सोनकर (45) और भतीजे नागेश उर्फ भूरा (34) सब्जी विक्रेता था। वह सोमवार रात बाइक से घर जा रहे थे। चलचित्र निगम के पास डीसीएम की टक्कर से सरजू प्रसाद की मौत हो गई थी। वहीं, नागेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। कानपुर हैलट में मंगलवार शाम नागेश ने भी दम तोड़ दिया। नागेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। चाचा के बाद भतीजे की मौत से परिवार में रोना पीटना मच गया। मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, सभासद महेश चौरसिया पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। परिवार को ढांढस बंधाया। उधर, प्रेमनगर प्रतिनिधि के अनुसार सुल्तानपुर घोष थानांतर्गत मोहम्मदपुर गौंती पुल के पास वृद्ध महिला को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।