जहानाबाद (फतेहपुर)। अंतरजनपदीय बाइक चोर गैंग के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे पांच बाइक व तमंचा बरामद किया गया है।
जनपद कानपुर सजेती थाना की सीमा अंतर्गत जहानाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। उसी बीच एक सफेद रंग की अपाचे बाइक में तीन सवार आते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के गूजा निवासी प्रशांत सचान उर्फ पूती, इशांत सचान और सिहकौला निवासी हर्षित सिंह के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि बाइकों की चोरी कर नंम्बर प्लेट बदल कर बेचते थे।
उन्होंने कानपुर, सजेती, मूसानगर, देवरिया समेत कई स्थानों से बाइक चुरा कर थाना जहानाबाद के दुर्गापुर मोड़ स्थित मकान में रखने की बात भी कबूली है। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर बाइकों को बरामद किया। पुलिस ने प्रशांत के पास से तमंचा, दो कारतूस, इशांत सचान के पास से दो कारतूस, और हर्षित सिंह के पास से दो कारतूस तथा नौ सौ रुपये बरामद किया।
शातिर चोरों ने अपाचे बाइक 26 नवंबर को मूसानगर के एक गेस्ट हाउस से चोरी की थी। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मूसानगर, विधनू, घाटमपुर, सजेती सहित अन्य जनपदों में चोर, आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। थाना जहानाबाद में तीनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अलावा चोरी की संपत्ति को रखने, जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।