घायल शमीम उर्फ सलीम को लेकर जाती इंटेलिजेंस विंग की टीम।
- फोटो : घायल शमीम उर्फ सलीम को लेकर जाती इंटेलिजेंस विंग की टीम।
फतेहपुर। किराने की दुकान में चोरी कर भाग रहे तीन अंतरजनपदीय शातिर बुधवार तड़के इंटेलीजेंस और बकेवर पुलिस की मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए। गोली लगने से दो बदमाश घायल हुए। घायल बदमाशों को पुलिस ने सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया है। बदमाशों के पास से दो तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और एक मोटर साइकिल बरामद की है। आरोपियों ने एक महिला से लूट व दो चोरियों को कबूला है।
एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि इंटेलिजेंस प्रभारी अरुण चतुर्वेदी और थानाध्यक्ष महेश सिंह अपनी टीम के साथ बुधवार भोर देवमई नहर पुलिया के पास थे। टीमों ने बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर संदिग्ध बाइक मोड़कर भागने लगे। वह अनियंत्रित होकर गिर पड़े। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में कानपुर के साढ़ थाने के महेलिया निवासी वकील और घाटमपुर के भगवंतपुर निवासी शमीम उर्फ सलीम पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इनके तीसरे साथी बकेवर थाना क्षेत्र के कंसाही निवासी राकेश ऊर्फ मो. रफीक उर्फ भंडोल को गिरफ्तार किया गया। शातिरों के पास से तमंचे, कारतूस, चोरी का एक मंगलसूत्र, दो पायल, हथफूल, 3815 रुपये नगद, घटनाओं में प्रयुक्त बाइक, एक पिट्ठू बैग में चोरी के उपकरण और एक बैटरी बरामद की गई है। आरोपियों ने मंगलवार रात दिलवालपुर मोड़ स्थित एक गुमटी का ताला तोड़कर गुटखा, बैटरी आदि सामान चोरी किया था। चोरी के बाद भागते समय पकड़े गए।