जिले की बिजली आपूर्ति सोमवार शाम से पटरी से उतर गई। तीन फीडर बंद होने से पूरी रात बिजली नहीं आई और लोग परेशान रहे। मंगलवार को भी सुबह से शाम बीत गया, लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हो सका है। हालांकि काम चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि रात तक फीडर काम करने लगेंगे। इधर, आबूनगर उपकेंद्र पर नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। कर्मचारियों से इनकी नोकझोंक भी हुई।
मंगलवार को दोपहर तक आपूर्ति चालू नहीं हुई तो नाराज उपभोक्ता आबूनगर उपकेंद्र पहुंचे। बिजली न आने पर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र में हंगामा भी किया। इस दौरान बिजली कर्मचारियों से नोकझोंक भी हो गई। बिजली आपूर्ति की जानकारी लेने आए नउवाबाग के रहने वाले उपभोक्ता मोहसिन, रईस, शोभित ने बताया कि रात भर बिजली न होने से सो नहीं पाए। सुबह भी बिजली नहीं रही जिससे पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा।
पटेलनगर निवासी ब्रजेश कुमार, पियूष ने बताया कि उपकेंद्र में कर्मचारी फोन नहीं उठाते, जिससे बिजली आने जाने की सही जानकारी नहीं मिल पाती है। मंगलवार को जेई रवि कुमार टीम के साथ दस एमवीए ट्रांसफार्मर में फाल्ट ठीक करते रहे। एसडीओ अजीत यादव ने बताया कि फाल्ट ठीक कर आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
बता दें कि आबूनगर विद्युत उपकेंद्र में लगे दस एमवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक तेल टपकने लगा। सूचना पर कर्मचारी पहुंचे, वहां कामकाज के दौरान सोमवार शाम बुशिंग टूट गई। इससे शादीपुर, अस्ती, नउवाबाग फीडर के अंतर्गत पटेलनगर, सिविल लाइन, रेलवे स्टेशन रोड, नासिरपुर आदि इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ा। रात भर बत्ती गुल रही।
‘बारिश की वजह से फाल्ट ढूंढने में दिक्कत हुई है। फाल्ट मिल गई है, जिसे ठीक कराकर बुधवार से नियमित आपूर्ति चालू करा दी जाएगी। बताया कि मुराइनटोला उपकेंद्र से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली दी जा रही है।’ - आरडब्लू पॉल, अधिशासी अभियंता प्रथम विद्युत।
हरिहरगंज उपकेंद्र की दस दिन से बिजली गुल- फतेहपुर। हरिहरगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े एक दर्जन इलाकों में दस दिन से बत्ती नहीं है। विभागीय कर्मचारी केवल इतना पता कर पाए कि अंडरग्राउंड फाल्ट है। जगह ढूंढ न पाने पर इलाहाबाद से टीम बुलाई गई। वह पचास नंबर गेट के पास तक पहुंची, लेकिन असल में फाल्ट ढूंढने में फेल रही। अंतत: मंगलवार को लखनऊ से टीम बुलानी पड़ी, तब फाल्ट लोकेट हुआ। एसडीओ के मुताबिक अभी इसे सुधारने का काम चल रहा है। बुधवार सुबह तक ही आपूर्ति चालू हो पाएगी।
हरिहरगंज उपकेंद्र से हरिहरगंज, कलक्टरगंज, नप्पी का हाता, वर्मा चौराहा, दुर्गा पुरी कालोनी, आनंदपुरम समेत दर्जन भर इलाके हैं। मुराइन टोला उपकेंद्र से अब तक कटौती कर कुछ-कुछ देर के लिए यहां अलग-अलग फेज में आपूर्ति की जा रही थी। तीन दिन से इलाहाबाद के इंजीनियरों की टीम ने शहर में डेरा डाल रखा था, लेकिन फाल्ट सुधार नहीं सके। हारकर मंगलवार को लखनऊ कार्यालय से फाल्ट डिटेक्टर मशीन के साथ कर्मचारी व इंजीनियर आए। उन्होंने केबिल में फाल्ट ढूंढ ली है।