पुलिस लाइन की बैरक में गुरुवार को अचानक सिपाही विश्वनाथ सरोज की मौत हो गई। उसे तीन दिन बाद ही रिटायर होना था। सिपाही ने बुधवार को चुनाव ड्यूटी को लेकर नशे में धुत होकर हंगामा किया था। इस पर उसका मेडिकल भी कराया गया था।
इलाहाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर निवासी विश्वनाथ सरोज पुलिस लाइन में कार्यरत थे। उन्हें दो दिन पहले बुलंदशहर चुनाव ड्यूटी में जाना था। लेकिन वह ड्यूटी पर जाने को तैयार नहीं हुए और अपने एक साथी के साथ शराब के नशे में घुत मिले थे। इस पर उनका मेडिकल कराया गया था और विभागीय जांच भी शुरू हो गई थी। गुरुवार को पुलिस लाइन में ही विश्वनाथ की मौत हो गई। सिपाही की मौत से महकमे में हलचल मच गई।
आला अफसर मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदयगति रुकने से सिपाही की मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस लाइन प्रतिसार निरीक्षक श्रीभगवान ने बताया कि सिपाही के परिवार को विभाग की ओर से हर तरह की मदद दी जाएगी। उनकी मौत से दो दिन पूर्व हुए मामले का कोई लेना देना नहीं है। मृतक के बेटे अनिल ने बताया कि बुधवार शाम उसके पिता का मोबाइल पर फोन आया था। उन्होंने अपनी तबियत बिगड़ी होने की बात कही थी। इसके बाद गुरुवार सुबह पुलिस लाइन से मौत की खबर आई।