प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती गांव के मजरे उसरैना में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लगभग 1.75 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। वहीं एक घर में चोरी की कोशिश असफल रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
उसरैना गांव निवासी नफीस अहमद ने बताया कि वह शनिवार रात पिता उमर अली, मां रहमतुन और पत्नी आशमीनबानो के साथ टिनशेड के नीचे सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे कमरे की कुंडी खटकने की आवाज आई। जब वे कमरे में पहुंचे तो पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। बक्से गायब थे।
चोरों ने 45 हजार रुपये नकद, 12 तोले की पायल, मंगलसूत्र और एक जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार बहन नसरीनबानो की जमीन की रजिस्ट्री के लिए नकदी जमा की गई थी। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
इसी गांव की लालती देवी के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। वह पुत्री रानी और पिता शिवलाल के साथ कमरे में सो रही थीं। सुबह उठने पर सामान बिखरा मिला और बक्सा घर से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा मिला। पीड़िता ने बताया कि बक्से में 25 हजार रुपये नकद और करीब 25 हजार रुपये के जेवर चोरी हुए हैं।
यह रकम फ्रिज खरीदने के लिए बैंक से निकाली गई थी लेकिन काम न होने से घर में रखी थी। वहीं मदागंज गांव निवासी विनोद कुमार यादव के घर में भी चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की कोशिश की हालांकि वे सफल नहीं हो सके। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।