फोटो-24-दीवार में लगी सेंध को देखते ग्रामीण। संवाद
खखरेरू। थाना क्षेत्र के बिछियावां और किशनपुर चिरई गांव में शुक्रवार रात चोरों ने दो घरों में सेंध लगाकर नकदी और जेवर पार कर दिए। दोनों घरों से करीब छह लाख रुपये के सामान की चोरी बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों घरों में हुई चोरी की जांच शुरू कर दी है।
बिछियावां गांव निवासी महेंद्र पाल उर्फ मुन्नू पाल ने बताया कि वह रात में खेत गए थे। घर में मां और बेटा कमरे के बाहर टिन शेड के नीचे सो रहे थे। तभी पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर दो बक्से और एक सूटकेस उठा ले गए। घर से करीब 200 मीटर दूर अनिल सिंह के ट्यूबवेल के पास बक्से और सूटकेस खुले पड़े मिले।
महेंद्र पाल ने बताया कि बेटी पुष्पा देवी की शादी नौ मार्च को पचमई गांव निवासी किशनपाल से हुई थी। शादी के बाद पति के साथ दिल्ली जाने से पहले वह जेवर मायके में रख गई थी। बक्से में 10 हजार रुपये और करीब पांच लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवर रखे थे। घटना की जानकारी सुबह हुई।
किशनपुर चिरई गांव निवासी रीता देवी ने बताया कि वह 16 अगस्त को पति शारदा के साथ घर में ताला लगाकर मायके सवंत गांव गई थी। 21 अगस्त को लौटने पर घर की दीवार में सेंध लगी मिली। बक्से से पांच हजार रुपये और करीब एक लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवर गायब थे। थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा।
फोटो-24-दीवार में लगी सेंध को देखते ग्रामीण। संवाद