खागा। कोतवाली क्षेत्र के सुजानीपुर में बीमार महिला लक्ष्मी देवी के घर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लक्ष्मी देवी अपने बच्चों के साथ 12 जनवरी को मायके लाडलेपुर गई थीं और घर का ताला बंद था। शुक्रवार सुबह पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। तब परिवार घर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।
परिजन ने बताया कि चोरों ने घर के बक्सों का ताला भी तोड़कर सामान बिखेर दिया था। लक्ष्मी देवी ने बताया कि चोरी में एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की कील, एक जोड़ी सोने के झुमके, चांदी की कमरपेटी, एक जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, 80 हजार रुपये नकद, कपड़े, बर्तन और राशन सामग्री ले गए। इंस्पेक्टर खागा आरके पटेल ने बताया कि वह आवश्यक कार्य से बाहर गए थे। इसलिए उन्हें जानकारी नहीं है। उप निरीक्षक से मामले की जांच कराई जाएगी।