फोटो-30-प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेन में यात्रियों की भीड़। संवाद
फतेहपुर। होली की छुट्टियां खत्म होते ही कामगारों की महानगरों की ओर वापसी शुरू हो गई है। दिल्ली रूट की ट्रेनों में सीटें पूरी भर चुकी हैं और नए आरक्षण पर 100 से 150 तक वेटिंग चल रही है। कंफर्म टिकट न मिलने के कारण कई यात्रियों को भीड़ भरी बोगियों की गलियों और बाथरूम के पास खड़े होकर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। इससे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
होली के बाद क्षेत्र के गांवों से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और आसपास के महानगरों में काम करने जा रहे हैं। रेलवे के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक महेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिले से दिल्ली रूट पर प्रयागराज एक्सप्रेस, रीवा आनंद विहार एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस संचालित हैं। इन सभी ट्रेनों में इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ है और अधिकांश यात्रियों को वेटिंग टिकट ही मिल रहा है।
आरक्षण काउंटर के कर्मचारियों ने बताया कि कंफर्म टिकट की मांग अचानक बढ़ गई है। कई यात्री टिकट कैंसिल कराकर आने वाले दिनों में आरक्षण कराने का इंतजार कर रहे हैं जबकि कुछ वेटिंग टिकट पर ही यात्रा कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन अधीक्षक जयनाथ यादव ने कहा कि होली के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने से वेटिंग की स्थिति बनी है लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
फोटो-30-प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेन में यात्रियों की भीड़। संवाद