बहुआ। बेखौफ चोरों ने किराने की दुकान और मैरिज हॉल में बुधवार को चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुईं हैं।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी आशीष सिंह चंदेल के साढ़ू की बेटी की शादी ललौली थाने के बहुआ स्थित बांके बिहारी मैरिज हॉल में मंगलवार रात को थी। बुधवार दोपहर विदाई कार्यक्रम था। आशीष ने बताया कि लेनदेन का बैग उनके पास था। विदाई के दौरान उन्होंने बैग कुर्सी पर रखा था। कुछ देर बाद देखा तो गायब था। बैग में 10 हजार रुपये और 15 हजार की सोने की सलाई थी।
मैरिज हॉल के सीसीटीवी कैमरे में बैग चोरी करते दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। उधर, बहुआ कस्बा निवासी नवनीत कुशवाहा की किराना की दुकान इंटर कॉलेज के पास है। उन्होंने बताया कि वे दोपहर को दुकान का सामान बाहर सजा रहे थे। दुकान के बाहर पड़ी बेंच में दो लोग बैठे थे।
इसी दौरान दोनों काउंटर में रखे बैग को उठा ले गए। जब वह दोनों तीसरे साथी की बाइक में बैठे तो उनकी नजर पड़ी। उन्होंने बैग उनके हाथ पर देखा तो शोर मचा दिया, लेकिन बाइक सवार भाग गए। उनकी बाइक की प्लेट में नंबर नहीं लिखा था। बैग में 1.25 लाख रुपये, उधारी रजिस्टर व अन्य कागजात थे।
दोनों मामलों के पीड़ित पुलिस चौकी पहुंचे।
चौकी पुलिस ने सीसीसटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। किराना दुुकानदार ने फुटेज में बैग चोरी करने वालों को भी पहचाना है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि चौकी पुलिस की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।