फोटो-18-क्षतिग्रस्त थार गाड़ी। संवाद
गाजीपुर (फतेहपुर)। अगवानी के दौरान डांस कार्यक्रम में बराती और घरातियों के बीच बुधवार रात मारपीट हो गई। झगड़े में दूल्हे के जीजा का सिर फट गया। दूल्हे के पिता से भी अभद्रता की गई। घायलों को ले जा रहे थार समेत दो वाहनों पर हमला कर तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने पहुंचकर विवाद शांत कराया और फिर शादी की सभी रस्में पूरी कराईं।
किशनपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी बबलू निषाद ने बताया कि चचेरे भाई की बरात गाजीपुर थाना क्षेत्र के निधवापुर मजरे परसेठा गांव में गुलाब निषाद के घर आई थी। स्वागत के बाद बराती डीजे पर डांस कर रहे थे तभी कुछ घराती पक्ष के युवक नशे की हालत में वहां पहुंच गए और डांस करने लगे।
इसी दौरान बराती पक्ष से स्प्रे उड़ाया गया। स्प्रे का गुबार किसी घराती की आंख में पड़ गया। इस पर घराती युवकों ने गाली गलौज शुरू की कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर दूल्हे के पिता शिवकुमार और जीजा शिवप्रकाश के साथ मारपीट की गई। इससे शिवकुमार घायल हो गए। घायल शिवप्रकाश को अस्पताल ले जाते समय थार को घेरकर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किया गया।
इसी दौरान पीछे आ रही बरातियों की एक अन्य कार में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को सीएचसी भेजा। बाद में शादी संपन्न कराई गई। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि डांस के दौरान मारपीट हुई है। दोनों पक्षों में सुलह की कोशिश जारी है अन्यथा प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
फोटो-18-क्षतिग्रस्त थार गाड़ी। संवाद
फोटो-18-क्षतिग्रस्त थार गाड़ी। संवाद