फतेहपुर। जिले के अधिकारियों के आवासों पर चौकीदार अब काम नहीं करेंगे। इस पर पुलिस अधीक्षक ने रोक लगा दी है। एसपी ने सभी थानेदारों को चौकीदारों से उनकी मूल ड्यूटी पर लेने का आदेश दिया है।
सीओ खागा के आवास में ड्यूटी करने पहुंचे चौकीदार पुत्र के खुलासे से मामले ने तूल पकड़ा है। जिले में करीब 700 चौकीदारों की तैनाती है। इनकी ड्यूटी महीने के दो दिन थाने पर होती है।
थाने पर उनकी ड्यूटी सिर्फ गांव की सूचनाओं के संकलन को रजिस्टर पर दर्ज कराने की होती है। थाने स्तर पर श्रमदान भी कर सकते हैं। जिसके बदले महीने में चौकीदारों को 2500 रुपये मिलते हैं।
लेकिन व्यवस्था इसके उलट चल रही है। चौकीदारों की ड्यूटी अधिकारियों के आवासों पर बिना किसी लिखापढ़ी के लगाई जाती है। जहां उनसे घरेलू काम लिए जाते हैं। जबकि अधिकारियों के आवासों पर घरेलू काम के लिए फालोवर तैनात होते है। एसपी सतपाल सिंह ने बताया कि अब नियम के मुताबिक ही चौकीदार ड्यूटी करेंगे।