खागा। तहसील क्षेत्र के गुरसंडी स्थित निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आज बुधवार को दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। विधायक खेल स्पर्धा को लेकर विद्यालय में कर्मचारियों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैयारियों का मंगलवार को क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अंकित शुक्ला ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने खेल मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी, साथ ही कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। आयोजन स्थल पर खेल मैदान की साफ-सफाई, मार्किंग, ट्रैक व्यवस्था, दर्शक दीर्घा की तैयारी पूरी की जा चुकी है। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद आदि खेलों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों का पंजीकरण के साथ ही सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था की तैयारी भी की गई है। इसके लिए प्राथमिक उपचार कक्ष, पानी की व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभा को मंच देना और क्षेत्र में खेल संस्कृति को आगे बढ़ाना है।