ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान की तैयारी
पूरी हो गई हैं। शनिवार को सुबह सात बजे से 214 ग्राम सभाओं के 783 बूथों
पर वोट डाले जाएंगे। शुक्रवार शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपनी-अपनी जगह
पहुंच गईं। डीएम राजीव रौतेला व एसपी राजीव मल्होत्रा ने तीनों ब्लाकों में
जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। यह हिदायत दी गई है कि किसी भी तरह की
गड़बड़ी करने वालों को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया जाए। अर्धसैनिक बल,
पीएसी व कई जिलों की फोर्स निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए लगाई गई है।
मतदान
के लिए बूथ सजकर तैयार हो चुके हैं। शुक्रवार रात पेट्रोमैक्स की रोशनी
में बूथों पर मतदान कर्मियों ने कागजी कार्यवाही पूरी की। सुबह 6.30 बजे
बूथों पर पोलिंग एजेंट बनाए जाएंगे। वोटिंग शाम साढ़े चार बजे तक होगी।
इस
अवधि में जो भी मतदाता बूथ में प्रवेश कर जाएंगे, उन्हें पर्ची बांटकर
वोटिंग कराई जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक भिटौरा, हंसवा और हथगाम
ब्लाक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई।
हंसवा ब्लाक में
सुबह नौ बजे तक मतदान कार्मिक और संबंधित अधिकारी पहुंच चुके थे। दस बजे से
टीमें रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद शाम तीन बजे तक चला।
सबसे पहले कार्मिकों की ड्यूटी डिकोडिंग का काम शुरू हुआ। इसके बाद एक-अक
पोलिंग पार्टी को चुनाव सामग्री प्राप्त कराई गई। जिन बूथों के पंचायत
सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं या फिर किसी ने नामांकन नहीं कराया है, उन
पार्टियों को सिर्फ एक मतपेटी दी गई, जबकि शेष सभी को दो-दो मतपेटियां
मुहैया कराई गई।
हंसवा में रिटर्निग आफीसर जिला उद्यान अधिकारी अनीश
कुमार के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, भिटौरा के आरओ सहायक
निदेशक मत्स्य एके शुक्ला के साथ डीडीओ मिथलेश सचान, हथगाम ब्लाक के आरओ
प्रभाकर द्विवेदी के साथ डीआईओएस नंदलाल यादव मतदान टीमें पहुंचने तक डेरा
डाले रहे।
उधर, मतदान टीमें रवाना होते ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रटों
के वाहन भी जांच-पड़ताल करते रहे। सभी टीमों के बूथों पर सकुशल पहुंचने के
बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।