शीरइब्राहीमपुर गांव स्थित मंदिर की मूर्तियां
- फोटो : Amar ujala
बुढ़वा गांव में प्राचीन मंदिर से राधा कृष्ण की मूर्ति चुराने वालों को पुलिस अभी तलाश भी नहीं कर पाई कि चोर दूसरी घटना को अंजाम देते हुए हुसैनगंज थानाक्षेत्र के शीरइब्राहीमपुर गांव स्थित मंदिर से कन्हैया की मूर्ति का हाथ काट ले गए। मामले में कई तरह की आशंकाएं पैदा हुई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थानाक्षेत्र के शीरइब्राहीमपुर गांव में राधा-कृष्ण का पांच दशक पुराना मंदिर है। मंदिर के पुजारी गांव निवासी विनोद अवस्थी हैं। उनका मंदिर के पास में ही घर है। पुजारी के परिवार में रविवार को तेहरवीं संस्कार का आयोजन था। वह सुबह मंदिर कामकाज की व्यस्तता की वजह से नहीं पहुंचे थे।
पुजारी शाम को मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे तब उन्होंने क न्हैया की मूर्ति को खंडित देखा। घटना देखकर ग्रामीणों को खबर दी। ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंदिर के गेट पर ताला नहीं बंद रहता। चोर मंदिर में दर्शन के बहाने घुसे होंगे। मूर्ति उठा ले जाने में पकड़ जाने का खतरा समझा होगा।
तभी हाथ काटकर चुरा ले गए हैं। मूर्ति किस धातु की है, उन्हें इसका पता नहीं है। ग्रामीणों में मूर्ति अष्टधातु की होने की चर्चा है। ग्रामीणों ने बताया चोर सैंपल के लिए हाथ काटकर ले गए हैं। एसएचओ एपी तिवारी ने बताया कि घटना को शरारती तत्वों ने अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है।a