फोटो-09-अंतिम संस्कार पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण। संवाद
चौडगरा। रामदीनखेड़ा गांव में मारपीट की घटना में घायल किशोरी की 19वें दिन मौत के बाद इलाके में तनाव गहरा गया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद सोमवार सुबह गांव के बाहर गड्ढे में शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस तैनात रही।
घटना 28 जुलाई को कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर गांव के मजरे रामदीनखेड़ा में हुई थी। महेंद्र यादव और कमलेश निषाद के बीच हुए विवाद में कमलेश पक्ष पर महेंद्र और उसके परिवार को घर में घुसकर पीटने का आरोप है। मारपीट में 15 वर्षीय निशा यादव गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शाम होने और कार्रवाई न होने का हवाला देते हुए शव का अंतिम संस्कार रोक दिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। हालात बिगड़ते देख मौके पर कई थानों की पुलिस बुलाई गई।
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी का पोस्टमार्टम हो चुका है, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है।