हथगाम। स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुधवार को कार्रवाई की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हथगाम की टीम ने छापा मारकर दो अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया।
सीएचसी प्रभारी हथगाम डॉ. अमित चौरसिया की टीम ने सिठौरा रोड स्थित नीलम पत्नी विनय की ओर से संचालित महिला अस्पताल और रगेहरा गांव में सीमा द्वारा चलाए जा रहे क्लीनिक की जांच की। जांच में दोनों केंद्र मानकों के विपरीत संचालित पाए गए। इसके बाद उन्हें सील कर दिया गया।
टीम ने मौके से प्रतिबंधित दवाइयां और संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए। अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में डॉ. जीतेंद्र चौधरी, डॉ. प्रेम चंद्र और धर्मेंद्र पटेल शामिल रहे।