हुसैनगंज (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो छात्रों की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से मंगलवार दोपहर को साइकिल सवार छात्र की मौत हो गई। दूसरे हादसे में बच्चे को बचाने में बाइक सवार परीक्षार्थी की बाइक फिसलने से मौत हो गई।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सकूलपुर गांव निवासी सरवन सिंह के सहनीपुर के पास खेत हैं। उसका पुत्र आशीष सिंह (18) बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह साइकिल से मवेशियों के लिए चारा लेने खेत में गया था। घर लौटते वक्त लखनऊ रोड पर बाबूगंज के पास फतेहपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरा तो चालक ट्रक से कुचलता हुआ भाग निकला। हादसे की सूचना पर परिजव ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन पुलिस से चालक को पकड़ने की मांग कर हंगामा करने लगे तो पुलिस ने समझाकर शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे पर शव पड़ा होने से थोड़ी देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। पुलिस ने शव हटवाकर यातायात बहाल कराया। मृतक आशीष पं. देवनारायण शुक्ला डिग्री कालेज जगतपुर आदिल में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। हादसे से मां सुनीता, छोटा भाई अभिषेक व परिजन बेहाल हैं।
दूसरे हादसे में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पाठकपुर मजरे मवई निवासी घनश्याम का पुत्र दीपांशु पाल (16) मां राधिका पब्लिक स्कूल मवई में कक्षा 10 का छात्र था। वह बाइक से परीक्षा देने सरस्वती विद्या मंदिर वीआईपी रोड जा रहा था। बजरंगापुर गांव के पास सुबह बाइक के सामने अचानक एक बच्चे के आने से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। हेलमेट न लगाने से उसके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। हुसैनगंज सीएचसी से जिला अस्पताल और वहां से उसे हैलट अस्पताल कानपुर रेफर किया गया। कानपुर ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मां कलावती, भाई हिमांशु व परिजन-रो-रोकर बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि दादा मातादीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
-
- बिजली के खंभे से टकराई बाइक, पिता की मौत, बेटी घायल
हुसैनगंज। बाइक सवार पिता-पुुत्री सोमवार रात बिजली के खंभे से टकरा गए। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
हथगाम थाना क्षेत्र के इटैली गांव निवासी मनोज रैदास (35) अपनी पुत्री राशि (7) को बाइक से लेकर समदासहोदरपुर गांव स्थित ससुराल में मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। वहां से लौटते वक्त हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेला मोड़ के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई । बाइक में पीछे बैठी राशि उछलकर दूर जा गिरी। हादसा होते देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सीएचसी में मनोज को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल राशि को जिला अस्पताल भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है। सिर पर चोट लगने से मनोज की मौत हुई है।
फोटो 22- दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम
खड़े ट्रक से टकराई डीसीएम, चालक गंभीर
थरियांव। थाना क्षेत्र के हाईवे पर भारतपुर के पास कंटेनर खराब हो गया। एनएचएआई ने सुरक्षा के लिहाज से संकेतांक बोर्ड लगाकर डायवर्जन लगाया था। इसके बाद भी प्रयागराज से कानपुर की जा रही डीसीएम मंगलवार सुबह कंटेनर में घुस गई। ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे बाद डीसीएम में फंसे चालक को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला जा सका। डीसीएम हाईवे किनारे खड़ा गया। पुलिस ने डीसीएम चालक को जिला अस्पताल भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि डीसीएम चालक की हालत गंभीर है। इसी वजह से नाम पता नहीं बता सका है।