फतेहपुर जिले के खागा में जमीन न बेचने पर गुस्साए शराब व जुआ के लती पुत्र ने सोमवार रात पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतक के दूसरे पुत्र की तहरीर पर बड़े पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन गांव निवासी किसान बचान सिंह (60) खेती-बाड़ी के अलावा गांव में झाड़फूंक भी करते थे। उनके तीन पुत्र संजय, जालिम सिंह और सुनील सिंह उर्फ जाहिर हैं। संजय और जालिम की शादी हो चुकी है जबकि तीसरा पुत्र सुनील मानसिक रूप से अस्वस्थ है। सोमवार रात बचान खेत से छोटे बेटे की देखभाल के साथ घर पहुंचे थे।
थोड़ी देर बाद बड़ा पुत्र संजय पड़ोसी राम विशाल के साथ शराब के नशे में घर पहुंचा। संजय ने पिता को भी शराब पिलाई और फिर पिता पर खेत बेचने का दबाव बनाने लगा। खेत बेचने से मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। बचान को जान का खतरा महसूस हुआ तो वह घर से खेत की ओर भागा। रास्ते में मिले ग्रामीणों से बेटे संजय से अपनी जान का खतरा बताया।
खेत से पहले रोड पर करीब रात 11 बजे ग्रामीणों ने बचान सिंह का लहूलुहान शव पड़ा देखा। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला जानने के बाद संजय की खोजबीन शुरू की। पुलिस को संजय अपनी ससुराल चकबबुल्लापुर गांव में मिल गया। संजय ने कबूला कि घर से जाने के बाद पिता का पीछा करता हुआ खेत की तरफ जा रहा था। रास्ते में पिता मिले तो कुल्हाड़ी के ठोस हिस्से से उनके सिर में प्रहार किया।
मौके पर ही पिता की मौत हो गई। दूसरे पुत्र जालिम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने संजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। जालिम ने बताया कि संजय शराब और जुआ का लती है। पहले भी पिता पर दबाव बनाकर खेत बिकवा चुका है। अब फिर खेत बिकवाना चाहता था, पिता के विरोध पर हत्या कर दी। सीओ संजय सिंह ने बताया कि जमीन बेचने के विवाद में नशेेड़ी बेटे ने पिता की हत्या की है। एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर कुल्हाड़ी बरामद की गई है।