फतेहपुर। विद्युत निगम के कर्मचारी बनकर वायुसैनिक के घर से लूटपाट की वारदात के तार कानपुर से जुड़ रहे हैं। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कानपुर के चिह्नित हुए हैं। पुलिस जल्द उनकी धरपकड़ करेगी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अमरजई मोहल्ला निवासी आशा सिंह के घर में 19 अगस्त को विद्युत निगम के कर्मचारी बनकर बदमाश घर में घुसे थे। गृहस्वामिनी का पुत्र आंजनेय दिल्ली में वायुसैनिक है। गृहस्वामिनी और भतीजी रागिनी, बहू श्वेता को एक कमरे में बंधक बनाकर लूटपाट की थी।
विरोध करने पर श्वेता के आठ माह के बच्चे को गन पॉइंट पर लेकर गृहस्वामिनी के पैर में गोली मारी थी। लूट के बाद बदमाश रेलवे स्टेशन के रास्ते से भाग निकले थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के सहारे पीछा करते-करते जहानाबाद से कानपुर, घाटमपुर तक पहुंची थी। घाटमपुर के सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार बदमाश कैद हुए हैं।
फुटेज में दिखने वाले बदमाशों की कानपुर में पुलिस ने पहचान कराई। वारदात में शामिल बदमाश के कानपुर के बताए जा रहे हैं। सीओ सिटी गौरव मिश्रा ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीमें लगी हैं। जल्द ही पुलिस वारदात का खुलासा करेगी।