फतेहपुर। परीक्षा केंद्र के गेट से छात्रा को लौटाने के मामले में आंतरिक सचल दल की महिला सदस्य पर गाज कर सकती है। शुक्रवार को डीआईओएस राकेश कुमार ने त्रिस्तरीय सुनवाई करते हुए गेट से लौटाने वाली महिला शिक्षक को तलब किया है। क्योंकि सुनवाई के दौरान एक महिला शिक्षक के परीक्षार्थी छात्रा को दो बार परीक्षा केंद्र से वापस करने की पुष्टि हुई है।
शहर के मुस्लिम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में मां चंद्ररानी गुप्ता इंटर काॅलेज में हाईस्कूल की छात्राओं का परीक्षा केंद्र है। पहले दिन पहली पाली में छात्रा राधिका रानी चौहान परीक्षा देने परीक्षा केंद्र सुबह 8.03 बजे पहुंची और सचल दल की महिला सदस्य ने उसे बिना रजिस्ट्रेशन के वापस कर दिया। इसी दिन दोबारा छात्रा 8.20 बजे परीक्षा केंद्र के गेट पर पहुंची, लेकिन दोबारा भी उसे अंदर जाने से रोक दिया गया था। ऐसे में छात्रा की परीक्षा छूट गई।
मामला तूल पकड़ने पर डीआईओएस ने गुरुवार को त्रिस्तरीय सुनवाई की थी। इसमें परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा के विद्यालय के प्रधानाचार्य और परीक्षार्थी को अभिलेखों के साथ बुलाया गया। डीआईओएस ने बताया कि सचल दल के सदस्य ने परीक्षा का मामला केंद्र व्यवस्थापक के पास नहीं पहुंचाया। सीसीटीवी के फुटेज में छात्रा के दो बार केंद्र पहुंचने की पुष्टि हुई है। ऐसे में आंतरिक सचल दल की महिला सदस्य के अब बयान लिए जाएंगे। दोषी पाए जाने में कार्रवाई होगी।