लोधीगंज। घर में मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर है... इन्वर्टर भी बोल गया है। बिजली कब आएगी। बिजली न आने से मरीज की देखभाल करने में परेशानी हो रही है। शिकायत करने पर अफसरों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर बंद रहते हैं। ये शिकायत एक उपभोक्ता की है। इसके बाद भी अफसर बेखबर बने हैं।
बेरुईहार पावर हाउस से बेरुईहार, पीरनपुर और अरबपुर समेत आसपास के क्षेत्र जुड़े हैं। यहां करीब 50 हजार से अधिक की आबादी रहती है। बेरुईहार निवासी अंकित कुमार ने बताया कि रविवार रातभर बिजली की आवाजाही होती रही। सोमवार को सुबह करीब 11.30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई जो शाम सात बजे बहाल हो सकी।
इस दौरान घर का इन्वर्टर भी जवाब दे गया। उन्होंने बताया कि घर में एक मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर है। बिजली कटने से मरीज की देखभाल में गंभीर परेशानी होती है। कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करने पर मोबाइल बंद मिलते हैं या कॉल रिसीव नहीं की जाती।
राजू, शेखर, और राजेंद्र आदि लोगों ने शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है। जूनियर इंजीनियर बृजलाल ने बताया कि संबंधित लाइनमैन दूसरी शिकायत के निस्तारण में व्यस्त थे। इसी कारण मरम्मत कार्य में देरी हुई और बिजली आपूर्ति निर्धारित समय से कुछ देर बाद बहाल की जा सकी।