फतेहपुर। जिला अस्पताल में इन दिनों नेत्र रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 100 से अधिक एलर्जी के मरीज पहुंच रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवा के कारण आंखों से संबंधित समस्याएं बढ़ी हैं। पांच से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की संख्या सबसे अधिक है।
नेत्र एलर्जी के कारण आंखों में भूरापन, जलन और खुजली की शिकायत हो रही है। लगातार आंखें खुजलाने और रगड़ने से दर्द भी बढ़ जाता है। डॉक्टर शैलेंद्र पटेल ने बताया कि तेज धूप और गर्म हवा इस समस्या का प्रमुख कारण है। बच्चों के अधिक समय तक धूप में रहने और खेलने से मामलों में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने सलाह दी कि लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। धूप से बचाव के लिए सनग्लास का इस्तेमाल करें। शरीर को ढककर रखें। पंखों के अत्यधिक नजदीक नहीं सोना चाहिए। बच्चों को भी आवश्यक होने पर ही बाहर भेजें। आंखों में किसी प्रकार की समस्या होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवा का सेवन नहीं करना चाहिए।