गणतंत्र दिवस पर मंगलवार को जिले में अपना राष्ट्रीय
ध्वज तिरंगा झूमकर फहराएगा। इसे फहराने के लिए सरकारी और गैरसरकारी स्तर पर
तैयारी पूरी कर ली गई है। स्कूलों, सार्वजनिक पार्कों में सांस्कृतिक
कार्यक्रम होंगे और मिठाई बांटी जाएगी। इधर, पूर्व संध्या पर नगर में कई
जगह लोगों ने घर पर फहराने के लिए तिरंगा ध्वज, खुद को देशभक्ति से ओतप्रोत
दिखाने के लिए तिरंगा टोपी व बिल्ला खरीदा। वहीं नगर व कस्बे में सरकारी
इमारतों पर झालरों से रोशनी की गई।
मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे डीएम
राजीव रौतेला कलेक्ट्रेट में तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद अमर शहीद डिप्टी
कलेक्टर हिकमत उल्ला की याद में शहीद स्मारक पुलिस लाइन में श्रद्धासुमन
चढ़ाया जाएगा।
गणतंत्र दिवस की शुरुआत सुबह सात बजे स्वतंत्रता संग्राम
सेनानी, अमर शहीद और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ होगी।
इसके बाद बीएसए एवं नगर शिक्षा अधिकारी की अगुवाई में प्रभात फेरी निकाली
जाएगी।
इस दौरान तीनों एसडीएम अपनी-अपनी तहसील क्षेत्र के स्वतंत्रता
संग्राम सेनानियों माला पहनाकर गर्म शाल भेंट करेंगे। सुबह 11.30 बजे जिला
कारागार में बंदियों को सदाचार पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके आयोजक
जिला कारागार अधीक्षक एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी होंगे। 11.45 बजे जिला
सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में युद्ध में वीरगति पाने वाले शहीदों
की यादगार में शहीद स्मारक माल्यार्पण डीएम करेंगे।
दोपहर 12 बजे जिला
अस्पताल में रोगियों को फलों का वितरण किया जाएगा। इसके आयोजक सीएओ और जिला
कुष्ठ अधिकारी होंगे। दोपहर एक बजे से दो बजे तक स्वतंत्रता दिवस से
संबंधित कक्षा छह से 12 तक के स्कूलों में प्रतियोगिताओं के आयोजन होंगे।
दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक यातायात नियमों के प्रति जागरूकता शिविर का
आयोजन एआरटीओ दफ्तर में लगाया जाएगा। शाम छह बजे से रात आठ बजे तक केबिल
का माध्यम के पट्टी चलाई जाएगी।
उधर, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सभी
सरकारी कार्यालयों को रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया है। कार्यालयों के
आसपास सफाई करके चूने का छिड़काव किया गया है। महापुरुषों की प्रतिमाओं की
साफ सफाई कर आसपास चूने का छिड़काव किया गया है।