राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव धीरज कुमार ने
गुरुवार को जिले में विकास कार्यों की समीक्षा की। राजस्व वसूली के मामले
में लापरवाही न बरतने को चेताया। नई तहसील व कलेक्ट्रेट समेत अन्य विभागों
का निरीक्षण भी किया। तहसील के निरीक्षण में पत्रावलियों के प्रति जवाबदेही
निश्चित हो, इसके लिए नाम व पदनाम की मुहर का प्रयोग करने की हिदायत दी।
खागा
के राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम बरक्कतपुर का स्थलीय निरीक्षण करने के
बाद राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव ने जिला मुख्यालय मेें कलेक्ट्रेट के
गांधी सभागार में अफसरों के साथ समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों
की आरसी तहसील भेजी गई है, उनकी वसूली का काम तुरंत शुरू करें। वसूली में
हीलाहवाली का मतलब कार्रवाई होगी लिहाजा इस बात को गांठ बना कर ड्यूटी की
जाए।
समीक्षा बैठक के बाद सचिव ने कलेक्ट्रेट के अंग्रेजी दफ्तर, आंग्ल
अभिलेखागार, न्याय अभिलेखागार, आयुध कार्यालय, मुख्य राजस्व लेखाकार
कार्यालय, नजारत, कोषागार, एनआईसी, एडीएम न्यायालय, मनोरंजन विभाग,
निर्वाचन विभाग, खाद्य एवं औषधि विभाग का हाल लेने के बाद आयुक्त सीधे नई
तहसील पहुंचे। यहां पर रिकार्ड रूम, कंप्यूटर रूम, तहसीलदार न्यायालय,
चकबंदी न्यायालय, नजारत, संग्रह अनुभाग का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीएम
विवेक श्रीवास्तव को आदेशित किया कि नाम व पदनाम की मुहर बनाई जाए ताकि पता
चल सके पत्रावली में किस अधिकारी के हस्ताक्षर हैं। इससे जवाबदेही तय होगी
और जनता को जल्द न्याय मिल सकेगा। इस दौरान डीएम राजीव रौतेला, सीडीओ
रामाश्रय, एडीएम आलोक सिंह, जिला सूचना अधिकारी वीएन पांडेय समेत सारे
विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।