फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र हाईवे पर धर्मदासपुर गांव के पास चार मई की रात कैब लूटकांड में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन अंतर्जनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया हैं। गोली लगने से दो आरोपी घायल हो गए। आरोपियों के पास लूटी कैब स्विफ्ट कार, घटना में प्रयुक्त कार, दो देसी तमंचे, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, एक मिस कारतूस, दो मोबाइल और एक हजार 30 रुपये बरामद किए हैं।
प्रयागराज के आसेपुर सैदाबाद निवासी विकास कुमार अपनी कैब से शहर में यात्री को छोड़कर जा रहे थे। धर्मदासपुर के पास विकास कुमार को पीटकर ब्रेजा कार सवार बदमाश कैब, मोबाइल और नकदी लूट ले गए थे। एसपी अनूप सिंह ने बताया कि एसओजी प्रभारी विनोद सिंह, सुल्तानपुर घोष प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, थरियांव प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय की संयुक्त टीम रविवार भोर लुटेरों की सूचना पर घोष थाने के नौबस्ता पुल महुआ बाग पहुंची। जहां लुटेरों किसी को कार बेचने पहुंचे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों को बाग में घेर लिया। आत्मसमर्पण करने को बोला। पुलिस से घिरता देख पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में कानपुर चकेरी थाने के सनिगवां रोड निवासी करन सिंह उर्फ पिंटू और उसके साथी चकेरी थाने के चिस्ती नगर निवासी कृष्णा गुप्ता गोली लगने से घायल हो गए। तीसरे साथी उन्नाव जिला अमगेन थाने के भौली निवासी मंजीत कुमार को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। गोली करन के दाएं व कृष्णा के बाएं पैर में लगी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी ने बताया कि टीम को 25 हजार का इनाम देकर पुरस्कृत किया गया है।