फोटो-17- चौक स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में रखे ब्लोअर व हीटर। संवाद
फतेहपुर। सर्दी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित कर दी है। इससे ब्लोअर, हीटर और गीजर की खरीदारी में भी तेजी आई है। लोग मौसम को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों के लिए रूम हीटर, गीजर और ब्लोअर खरीदते नजर आ रहे हैं। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में गर्मी बढ़ गई है।
विगत एक सप्ताह से पड़ रही ठंड के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। दुकानदार सुधीर ने बताया कि इस दौरान हीटर और ब्लोअर की बिक्री काफी बढ़ गई है। बाजार में महंगे ब्लोअर मौजूद होने के बावजूद 1000 से 1500 रुपये तक के ब्लोअर की अधिक मांग देखी जा रही है। इसके साथ ही 25 लीटर क्षमता वाले 7500 रुपये तक के गीजर की भी मांग बढ़ी है।
नगरीय क्षेत्रों में लोग पुराने उपकरणों की मरम्मत कराने के बजाय नया खरीदना पसंद कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोग पुराने ब्लोअर और हीटर को दुरुस्त करवा रहे हैं। ग्रामीणों में 400 से 600 रुपये तक वाले दो रॉड वाले हीटर अधिक लोकप्रिय हैं। दुकानदारों का कहना है कि सर्दियों को देखते हुए विगत एक सप्ताह से ब्लोअर और हीटर की बिक्री में निरंतर तेजी देखी जा रही है।
फोटो-17- चौक स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में रखे ब्लोअर व हीटर। संवाद