फतेहपुर। सोमवार की दोपहर दो घंटे की तेज बारिश से शहर के कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। कई प्रमुख सड़कें लबालब हो गईं। शहर में बेतरतीब प्लाटिंग की वजह से पानी निकासी में और दिक्कत आ रही है। पक्का तालाब में कब्रिस्तान से लेकर स्कूल के आसपास भी पानी भर गया। नगर पालिका के सफाई व्यवस्था की पोल खुल चुकी है। नालियों में जमा सिल्ट सड़कों में जलभराव की वजह बना रहा। बाइक सवार और पैदल निकलने वाले राहगीर पानी में घुस का निकलते के लिए मजबूर रहे।
तेज धूप और उमस से लोग बेहाल थे। सोमवार को दोपहर के बाद हुई करीब दो घंटे तेज बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। सिल्ट से नाली पटी होने की वजह से बारिश होते ही शहर में जलभराव के हालात पैदा हो जाते हैं। सफाईकर्मियों की ड्यूटी करने की पोल बारिश में खुल जाती है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी इन पर अंकुश नहीं लगा रहे हैं। जोरदार बारिश से मुराइन टोला हनुमान मंदिर के सामने करीब डेढ़ फुट ऊपर पानी भरा रहा, जिससे कई बाइक सवार निकलते समय गिर गए। पैदल निकलने वाले राहगीर गलियों से घूम कर जाते रहे। इसी प्रकार राधा नगर, गढ़ीवा, आवास विकास कालोनी और आबू नगर मुहल्ले के कई कालोनियों की सड़कों पर पानी भरा हुआ है। वहीं जोरदार की बारिश से धान की फसलों को फायदा हुआ। 15 से 20 दिन पहले धान की रोपाई करने वाले किसान यूरिया का छिड़काव करने में जुट गए हैं।