फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद में गोली चलने में बुधवार रात एक युवक घायल हो गया था। मामले में गेस्ट हाउस संचालक की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी आदर्श उमराव ने पुलिस को बताया कि उसके गेस्ट हाउस में जाफराबाद गांव निवासी शैलेंद्र सिंह चौहान ने पुत्री शालिनी सिंह की बरात शहर से आई थी। गेस्ट हाउस में शादी समारोह में बांदा मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव निवासी रवि प्रताप सिंह शामिल होने आए थे। गेस्ट हाउस के बाहर रवि प्रताप सिंह को विवाद दौरान किसी ने गोली मार दी है। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।