दस्यु शिव कुमार पटेल ददुआ के जीवन पर आधारित फिल्म
‘द गॉड आफ गन’ का मुहूर्त रविवार को शिवहरेश्वर रामजानकी हनुमान मंदिर में
होगा। यह फिल्म फतेहपुर के अलावा चित्रकूट, बांदा व मानिकपुर में फिल्माई
जाएगी। डेढ़ महीने में बन कर तैयार होने वाली इस फिल्म में बॉलीवुड के जाने
माने कलाकार अभिनय करते नजर आएंगे। फिल्म के मुख्य किरदार का नाम फिलहाल
परदे के पीछे है। स्थानीय प्रतिभाओं का फिलहाल चयन नहीं हो सका है।
दस्यु
ददुआ पर बन बनने जा रही ‘द गॉड आफ गन’ फिल्म जन्नत फिल्म प्रोडक्शन की
दूसरी फिल्म है। इससे पहले इस प्रोडक्शन की दो चेहरे फिल्म शत्रुघ्न सिन्हा
की दमदार अदाकारी से रुपहले पर्दे में धमाल मचा चुकी है।
अमर उजाला से खास
बातचीत में फिल्म के डायरेक्टर व प्रोड्यूसर रईस खान रईस ने बताया कि यह
फिल्म फूलन देवी के जीवन पर बन चुकी फिल्म 'बैंडिट क्वीन’ जैसी
होगी। जिसमें बॉलीवुड के शहबाज खान, यशपाल शर्मा, रघुवीर यादव, मनोज जोशी,
अखिलेंद्र मिश्रा, ओंकार मानिकपुरी व दीपराज राणा जैसे कलाकार शामिल हैं।
फिल्म के संगीतकार का चयन नहीं हो सका है जबकि गीतकार आर बाबा, धीरज कुमार,
मनोज मोहम्मद व पवन मिश्रा होंगे। दावा किया कि फिल्म के जरिए जनता शिव
कुमार से ददुआ बनने की हकीकत से वाकिफ हो सकेगी।
फिल्म के मुख्य किरदार
के नाम का खुलासा करने से यह कह कर इंकार कर दिया कि बता दूंगा तो भूचाल
मच जाएगा। इसे फिलहाल पर्दे में ही रहने दें।
डायरेक्टर ने बताया कि फिल्म
का मुहूर्त शॉट दस्यु ददुआ के बनवाए गए शिवहरेश्वर रामजानकी हनुमान मंदिर
नरसिंहपुर-कबरहा में होगा। इस भव्य मंदिर के बनने की कहानी का भी समावेश
पहले दिन होगा।
फिल्म का मुख्य मुखड़ा काल सरीखा बब्बर आया, सच
का साथी बबुआ रे, ददुआ ददुआ ददुआ रे को उजागर करते हुए एक अप्रैल से
चित्रकूट में बाकायदा शूटिंग शुरू हो जाएगी। जिसे 45 दिन में शूट कर लिया
जाएगा। पीआरओ गौरव शुक्ला ने बताया कि फिल्म का मुहुर्त रविवार को है। पूरी
टीम कबरहा में आ चुकी है।