फसल बर्बादी के सदमे में किसानों की मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। किशनपुर थाना क्षेत्र के एकौरा गांव में फसल बर्बादी व कर्ज से परेशान बुुजुर्ग किसान से सोमवार को ट्रेन से सामने छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने क्षतविक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के एकौरा गांव निवासी गयाप्रसाद द्विवेदी (65) की बारिश और ओलावृष्टि में फसल बर्बाद हो गई। परिजनों ने बताया तीन दिन पहले शनिवार की दोपहर करीब 11 बजे गयाप्रसाद घर से तहसील के लिए निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिवारीजनों ने पता करना शुरू किया। सोमवार दोपहर मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 11 बजे रेलवे क्रासिंग के पश्चिम डाउन ट्रैक पर कानपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी के सामने कूदकर किसान ने जान दे दी। जीआरपी ने मृतक की जेब में भरे खतौनी की नकल में लिखा नाम और पता के आधार पर परिजनों को सूचना दी है। घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के पुत्र संजय द्विवेदी ने शव की शिनाख्त की। संजय ने बताया कि बरसात और ओलावृष्टि से फसलें नष्ट हो गई थी। बैंक से लिए एक लाख 70 हजार रुपये कर्ज भुगतान की चिंता में वह डूबे रहते थे। उसने बताया कि शनिवार को खतौनी की नकल लेकर तहसील आए थे। उसी दिन से लापता थे।