भिटौरा विकास खंड के मोहम्मदपुर कलां गांव में मंगलवार को पहले महिला चेतना उपवन की आधारशिला डीएम राजीव रौतेला ने रखी। डीएम का दावा है कि प्रदेश में यह ऐसा पहला उपवन है। इसमें सिर्फ महिलाओं को प्रवेश मिलेगा और उन्हीं की निगरानी में यह उपवन फले-फूलेगा।
डीएम मंगलवार को मोहम्मदपुर कलां गांव में चौपाल लगाने पहुंचे थे। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद महिला चेतना उपवन की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि इस उपवन में सिर्फ महिलाओं का प्रवेश होगा, यहां पर शौचालय और हैंडपंप की व्यवस्था होगी। महिलाएं खाली समय में आकर यहां बैठ सकेंगी। फिलहाल इसकी निगरानी एक चौकीदार के जिम्मे रहेगी।
महिला उपवन की खासियत यह होगी कि यहां सौर ऊर्जा से जलने वाली लाइटें लगेंगी, इनमें बीच में हाईमास्ट लाइट होगा, जिसका उजियारा आसपास को भी रौशन करेगा। उन्होंने मनरेगा उपायुक्त आरपी मिश्रा को बरसात के पहले उपवन में गड्ढों की खोदाई करने के निर्देश दिए। उद्यान अधिकारी को उपवन में फूल और फलदार पौध लगाने के लिए कहा। कहा गया है कि इस उपवन में ऐसे फल और फूल लगाए जाएं जिसे दूर से देखते ही लोग आकर्षित हों।
डीएम ने कहा कि इसका सुंदरीकरण कराया जाएगा। उपवन में प्रवेश गेट लगाया जाएगा, जिससे अनाधिकृत लोग प्रवेश न कर सकें। इस मौके पर एसडीएम सदर विवेक श्रीवास्तव, प्रभागीय निदेशक वन मानक चंद्र यादव, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार मिश्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार, अपर उप जिलाधिकारी उपमा मिश्रा, खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सचान मौजूद रहे।
जिले में बनेंगे 64 महिला उपवन- फतेहपुर। जिले में 64 महिला चेतना उपवन बनेंगे। मोहम्मदपुर कलां का उपवन आठ लाख रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इस उपवन को 15 जुलाई तक बनकर तैयार कर देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 60 गुणे 80 वर्ग मीटर भूमि अधिगृहीत की गई है। मनरेगा के तहत इसे बनाया जाएगा।
यह पहला प्रयोग:-डीएम का कहना है कि उनका यह पहला प्रयोग है। इसका उद्देश्य घर गृहस्थी के साथ मेहनत मजदूरी करने वाले महिलाएं इसमें बैठकर कुछ क्षण सुकून के बिता सकें। उन्होंने बताया कि यह प्रयोग अगर सफल रहा तो जिले की 64 ग्राम पंचायतों में महिला चेतना उपवन का निर्माण कराया जाएगा।
-