आंधी में किसान पर गिरा टीन शेड ।
- फोटो : अमर उजाला
तेज आंधी से शनिवार रात वृद्ध किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। शाहीपुर गांव में पड़ोसी का टिन शेड ऊपर गिरने से यह हादसा हुआ तो मीरमऊ गांव में महिला आंधी से बचने के चक्कर में छत से गिर गई थी।
रामेश्वर (60) थरियांव थाना के शाहीपुर गांव निवासी थे, उनके बेटे रामसनेही ने बताया कि पड़ोस में कोटेदार शिवशंकर का मकान है, उसके पिता रात को घर के बाहर मैदान पर सो रहे थे। देर रात आंधी में कोटेदार के छत से टीन उड़कर पिता के ऊपर गिरी।
चीखपुकार सुनकर वे लोग दौड़कर पहुंचे। किसी तरह से टीनशेड में दबे पिता को बाहर निकाला, उन्हें घायल हालत में देखकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसओ मनीष पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। कोटेदार के खिलाफ तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई होगी।
इधर, मलवां थाना क्षेत्र के मीरमऊ गांव निवासी हरीओम की पत्नी किरन (28) छत पर सो रही थी। देर रात आंधी तूफान आने पर छत से कमरे में जाने के लिए उठी थी। हवा के तेज झोंके से बचने के लिए भागते समय किरन का संतुलन बिगड़ गया। वह अनियंत्रित होकर छत से गिर गईं।
लहूलुहान हालत में देखकर परिजन किरन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव लेकर वापस गांव लौट गए। ग्रामीणों ने बताया कि उनका तीन साल का बेटा है। वह इन दिनों गर्भवती भी थी।