संक्रामक बीमारी से ग्रसित गांव रेंह में जांच करती असोथर पीएचसी की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
तिरहार में फैली संक्रामक बीमारियां मौत बांटने लगीं हैं। शुक्रवार को बुखार पीड़ित रेंह गांव के एक शख्स ने दम तोड़ दिया। बुखार पीड़ित की मौत की जानकारी पाकर स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित गांव में पहुंच कर कैंप किया, जिसमें एक सैकड़ा मरीज देखे गए, जबकि एक दर्जन से ज्यादा स्लाइड बनाईं गई हैं। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को साफ सफाई के प्रति सचेत कर दिया गया है।
रेहं गांव असोथर पीएचसी से संबंद्ध है। पिछले कुछ दिन से इस गांव के लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। मौजूदा समय में बीमारों का आंकड़ा सैकड़ा पार कर गया है। गांव के सरदार के बेटे शिव हर्ष सिंह (45) की शुक्रवार को हालत खराब हो गई। परिजनों के इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाने की तैयारी के दौरान मौत हो गई। बुखार पीड़ित की मौत से समूचे गांव में दहशत फैल गई।
सूचना पर असोथर पीएचसी के प्रभारी डॉ. पवन बाजपेई के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम रेंह पहुंची। सरकारी स्कूल में लगे स्वास्थ्य विभाग के कैं प में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिसके चलते तमाम लोग टीम तक नहीं पहुंच सके। टीम के मुखिया डॉ. पवन बाजपेई ने बताया कि वायरल फीवर की संभावना ज्यादा लग रही है। कैँप के पहले दिन 108 मरीज देखे गए हैं। इनमें से 15 की स्लाइड ली गई है। हालात बहुत खराब नहीं है। साफ सफाई के अभाव में बीमारी फैलने की बात प्रथम दृष्टया सामने आई है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य टीम की रेंह गांव पर नजर हैं। हालात सामान्य बनाने तक टीम अपना काम करेगी।