गाजीपुर थाना क्षेत्र के मलाका गांव में शराबी पति की पिटाई से तंग आकर महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। एसओ ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर पर मृतका की सास, पति, नंद और नंदोई कल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी भूरा प्रसाद की पुत्री सुनैना (35) की शादी अमर भट्ट निवासी मलाका थाना गाजीपुर के साथ करीब 15 साल पहले हुई थी। अमर शराब का लती था और अक्सर पत्नी को मारापीटा करता था। शराब के नशे में बुधवार की रात अमर घर पहुंचा था। वह अपने दस साल के बेटे अनुपम की पिटाई करने लगा। मारपीट का उसकी पत्नी ने विरोध किया। इससे पत्नी पर ही नाराज हो गया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। महिला की चीख पुकार पर उसे बचाने के बड़ा बेटा गुलशन और इलाकाई लोग पहुंच गए। बीच बचाव के बाद मामला शांत हो सका। इसके बाद महिला घर के अंदर दवा खाने के बहाने से गई थी लेकिन उसने जहर खा लिया। घटना की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को दी गई। मायके वाले मौके पर पहुंचे। तब तक महिला की मौत हो गई थी। मृतका के भाई सूरज ने थाना पुलिस को घटना की खबर दी। गाजीपुर एसओ संजय सिंह मौके पर पहुंचे। एसओ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के बेटा गुलशन (13) अपने एक साल भाई को गोद में लिए था। उसने बताया कि शराब का लती पिता अक्सर उसकी मां को प्रताड़ित करता था। इस वजह से मां ने आत्महत्या कर ली है। उसका पिता घटना के बाद फरार हो गया है। उससे छोटे चार भाई बहन अनुपम, कंचन, साध्वी, धीरेंद्र हैं। एसओ ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर मृतका की सास, पति, नंद और नंदोई कल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।