खखरेरू कस्बे के पुरानी बाजार निवासी छेद्दू पासवान का बेटा संजय कुमार (22) पंजाब में प्राइवेट नौकरी करता था। 25 सितंबर को वह बीमार हालत में घर लौटा था। स्थानीय सीएचसी का इलाज करने के बावजूद हालत मेें सुधार नहीं हुआ। जिस पर परिजन सुबह उसे इलाज के लिए इलाहाबाद लेकर जा रहे थे जिसकी रास्ते में सांसें थम गईं।
मौजूदा हालात में पुरानी बाजार के साथ मोगलाटी और इमामबाड़ा मोहल्ले में सबसे ज्यादा बुखार रोगी हैं। कस्बे के मनोज, अनिल, साजिद, मंसूर का कहना है कि एक पखवारे से बुखार का प्रकोप चल रहा है। अमर उजाला में 23 सितंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अकील के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित मोहल्लों में पहुंच कर मरीज देखे।
दूसरे दिन टीम ने बीमारों के बीच पहुंचना मुनासिब नहीं समझा। उधर,अमौली सीएचसी के बंथरा और चंदीपुर गांव में चिकनगुनिया का प्रकोप तेज होता जा रहा है। रामश्री, अनुराधा, रामबाबू, उमादेवी, शिवम, सुमन, जगदेई, राजेश, चंद्रमुखी, अमन, क्षमा, दुर्गावती सहित कम से कम 50 लोग चिकनगुनियां बुखार से पीड़ित हैं। एक माह से फैली यह बीमारी इन दोनाें गांव में फैली है। छह सिंतबर को सीएचसी अमौली की चिकित्सक डॉ. तृप्ति गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने 50 मरीजों की स्लाइडें बनाई थी।
इस प्रक्रिया के बाद से दोबारा टीम नहीं पहुंची है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार पांडेय का कहना है कि प्रभावित गांवों में टीम भेजी जा रही हैं। बीमारी फैलने की सूचना मिलने के बाद त्वरित एक्शन लिया जाता है।