फतेहपुर। हथगाम थानाक्षेत्र के गांव अखिरी में प्रधान के पुत्रों व पौत्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गवाही की तारीख बढ़ गई है। मुख्य गवाह की 28 जून को पहली गवाही होगी। अभियोजन पक्ष ने गवाह मनीषा सिंह की तबीयत बिगड़ी होने का हवाला देकर कोर्ट से अग्रिम तिथि मांगी है।
गांव अखिरी की प्रधान रामदुलारी सिंह के बेटे भाकियू टिकैत गुट के नेता विनोद सिंह (45), अनूप सिंह (40) और पौत्र अभय प्रताप सिंह (21) की वर्चस्व को लेकर आठ अप्रैल 2025 को हत्या कर दी गई थी। अनूप की पत्नी मनीषा की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान सुरेश उर्फ मुन्नू सिंह व उसके पुत्र पीयूष, भूपेंद्र, सज्जन, विवेक, जान उर्फ विपुल के खिलाफ हत्या, बलवा समेत कई संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
हत्या के बाद सभी आरोपी कौशांबी जेल में बंद हैं। पुलिस के मजबूत सुरक्षा घेरे में मनीषा सिंह मंगलवार को एडीजी कोर्ट-4 में गवाही देने पहुंचीं। गवाही से पहले अभियोजन की ओर से कोर्ट में गवाह की तबीयत ठीक न होने का हवाला देकर अग्रिम तारीख मांगी। कोर्ट ने गवाही के लिए 28 जून की तिथि दी है।