जाफरगंज (फतेहपुर)। पैर पूजन की रस्म के दौरान मंडप के नीचे कुर्सी पर बैठने की दूल्हे की जिद पर दुल्हन ने शादी तोड़ दी। दुल्हन ने दूल्हे के दिव्यांग होने का आरोप लगाया है। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया और बरात लौट गई।
कानपुर के मेहरबान का पुरवा के एक युवक की शादी जाफरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से तय हुई थी। धूमधाम से बरात शुक्रवार शाम वधू के गांव पहुंची। बरातियों का स्वागत सत्कार किया। अगवानी की रस्म पूरी होने के बाद जयमाल हुआ।
देर रात की रस्मों के दौरान दूल्हे ने कुर्सी पर बैठकर पैर पूजन करने की जिद की। इसे दुल्हन पक्ष ने अस्वीकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर दुल्हन ने दूल्हे पर दिव्यांग होने का आरोप लगाया और शादी से मना कर दिया।
शनिवार भोर बरातियों के साथ वर घर लौट गया। थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया कि इस मामले की पुलिस को अभी सूचना नहीं मिली है। जानकारी मिलने पर आवश्यक जांच की जाएगी।