कीचड़ में तब्दील थरियांव-शिवपुर मार्ग
- फोटो : अमर उजाला
पीडब्लूडी के अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। पूर्वांचल निधि से 16 साल पहले बनी थरियांव-शिवपुर मार्ग कीचड़ में बदल गई है। विभाग ने अभी तक मरम्मत कराने की सुधि नहीं ली है। कई गांव के स्कूली बच्चे कीचड़ से होकर पढ़ने जाते हैं।
शिवपुर गांव मे कमलेश लोधी, मलांव के सुरेंद्र पटेल, रामभवन लोधी, उमेश कुमार साहू ने बताया कि वर्ष 2001 में दो किमी सड़क बनी थी। अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है। थरियांव से शिवपुर तक की सड़क गड्ढाें में बदल गई है। पीडब्लूडी ने गड्ढों में मिट्टी डालकर खानापूरी करा दी थी।
बारिश के बाद सड़क में पड़ी मिट्टी दलदल बन गई है। क्षेत्र के लक्ष्मनपुर, चतुर्गुनपुर, शिवपुर, मलांव के बच्चे थरियांव पढ़ने आते हैं। साइकिल व पैदल आने वाले स्कूली बच्चों को कीचड़ में घुस कर निकलना पड़ता है। यहां के बाशिंदों में सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर लिए हैं। घरों का पानी भी सड़क में भरता है। इससे हमेशा सड़क में पानी भरा रहता है। सड़क का निर्माण कराने के लिए डीएम, पीडब्लूडी के अधिकारियों से मांग की जा चुकी है। पीडब्लूडी के जेई एसपी सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण कराने का इस्टीमेट मंजूर हो गया है। चुनाव के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।