प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार ने माध्यमिक स्कूलों में शुल्क को लेकर बना असमंजस समाप्त कर दिया है। उन्होंने शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा को पहली अप्रैल से 31 मार्च तक 12 महीने की शुल्क वसूली की व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही स्कूल खुलने व बंद होने का समय भी निर्धारित कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में राजकीय और वित्तपोषित स्कूलों में पहली जुलाई से 30 जून तक कुल 12 महीने की शुल्क वसूली बच्चों से की गई जबकि शिक्षा सत्र 31 मार्च को 9 महीने में खत्म हो गया है। ऐसी हालत में माध्यमिक स्कूलों में शुल्क वसूली को लेकर असमंजस बना हुआ था।
प्रमुख सचिव ने पत्र भेजकर स्पष्ट कर दिया है कि पिछले सत्र में वसूल किया गया शुल्क सत्र खत्म होने के साथ खत्म हो गया है। अब नए सत्र का शुल्क पहली अप्रैल से लेकर 31 मार्च तक लिया जाएगा। इसके साथ ही पत्र में पहली अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूल खुलने का समय सुबह के 7:30 बजे और बंद होने का समय दोपहर के 12:30 बजे निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार पहली अक्तूबर से 31 मार्च तक स्कूल खुलने का समय सुबह के 9 बजे और स्कूल बंद होने का समय अपराह्न तीन बजे तय किया है। माध्यमिक स्कूल में 15 अप्रैल से शुरू प्रवेश प्रक्रिया में कक्षा 9, 10, 11, 12 के बच्चों के प्रवेश की अंतिम तिथि 15 मई तथा कक्षा 6, 7, 8 के बच्चों का प्रवेश 31 मई तक लिया जा सकेगा।
शासनादेश जारी होने के साथ ही माध्यमिक स्कूलों में शुल्क वसूली, प्रवेश की तिथि और स्कूल खलने व बंद होने के समय को लेकर बना असमंजस समाप्त हो गया है। डीआईओएस मोहम्मद रफीक ने बताया कि प्रमुख सचिव के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए माध्यमिक स्कूलों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए शासनादेश जारी हो चुका है।