टीईटी परीक्षा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंगलवार
को 12 केंद्रों में दोनों पालियों में कुल 9,165 अभ्यर्थी परीक्षा में
शामिल होंगे। अपर प्राइमरी के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 10 बजे से होगी।
जिले में टीईटी परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर, सदाशिव
इंटर कालेज रेलबाजार, रामा अग्रहरि बालिका इंटर कालेज देवीगंज, निरंकारी
बालिका इंटर कालेज, महात्मा गांधी महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कालेज
फतेहपुर, जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज राधानगर, राजकीय महिला
महाविद्यालय फतेहपुर, एएस इंटर कालेज, बाबू राधेश्याम इंटर कालेज गोपालनगर,
सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज रघुवंशपुरम, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर
कालेज वीआईपी रोड केंद्र बनाए गए हैं।
इन केंद्रों में सुबह 10 बजे से
12.30 बजे तक अपर प्राइमरी स्तर के 5,643 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरी
पाली में दोपहर 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक प्राइमरी स्तर के 3,522
अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों में सीटिंग प्लान
दुरुस्त कर दिया गया है।
नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए डीआईओएस,
डायट प्राचार्य, बीएसए, एडीआईओएस के नेतृत्व में चार सचल दल गठित किए गए
हैं। प्रत्येक केंद्र में एक-एक डीएम और माध्यमिक शिक्षा विभाग से
पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। पर्यवेक्षक दोनों पालियों की परीक्षा
समाप्त होने के बाद केंद्र छोड़ेंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों को चार सेक्टरों
में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति
की गई है। सोमवार को सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने निर्धारित परीक्षा केंद्रों
का निरीक्षण किया। निरीक्षण में परीक्षार्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर,
पेयजल, शौचालय, प्रकाश आदि की व्यवस्था का जायजा लिया।
डीआईओएस नंदलाल यादव
ने कहा कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग पूरी तरह
से तैयार है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था
होगी। अगर कोई कक्ष निरीक्षक नकल कराने में संलिप्त पाया गया, तो उसके
खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र और काला बालपेन
साथ में ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा अन्य कोई समान अभ्यर्थी को साथ
ले जाना वर्जित होगा।