फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने आठ जनवरी को होने वाली टीईटी की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। 17 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। इसमें 13276 अभ्यर्थी शामिल होंगे। विभाग ने दोनों पालियों की परीक्षा के लिए अलग-अलग स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है। परीक्षा की निगरानी के लिए तीनों एसडीएम सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।
दिन में 10 बजे से 12:30 बजे तक पहली पाली में 8990 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक दूसरी पाली में 4286 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोनों पालियों की परीक्षा कराने के लिए अलग-अलग स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। साथ ही चार स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट आरक्षित किए गए हैं। इस तरह से कुल 30 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। हर केंद्र पर पर्यवेक्षक की मौजूदगी में परीक्षा होगी। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं जिला कोषागार में सुरक्षित रहेंगी। परीक्षा के एक घंटे पहले प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्र पर पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा विभाग की है, जिसे विभाग हर हाल में पूर्ण कराएगा।