खागा। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के सुजानीपुर चौराहे के पास बुधवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के उमरा चौराहा निवासी रामबाबू (40) और प्रयागराज के करछना निवासी अभिषेक कुमार (35) खागा से थरियांव की ओर जा रहे टेंपो में सवार थे। रात करीब नौ बजे सुजानीपुर चौराहे के पास एक ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो सड़क किनारे खंदक में पलट गया।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और टेंपो में फंसे रामबाबू व अभिषेक कुमार को बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी भेजा गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक कुमार को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।