फोटो-39- प्रतियोगिता के दौरान लंबी कूद में अपना दमखम दिखती काजल सिंह। संवाद
फतेहपुर। मुस्लिम इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय तहसील स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शुक्रवार को राजकीय हाईस्कूल रावतपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। तेलियानी ब्लॉक के इस विद्यालय के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य समेत कुल 11 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली काजल सिंह प्रतियोगिता की चैंपियन बनीं।
काजल ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में पहला स्थान हासिल किया। उनके प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में विद्यालय के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। सभी विजेता खिलाड़ी 13 और 14 अक्तूबर को होने वाली जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तहसील का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी एवं टीम कोच डॉ. बृजेश सिंह ने पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के दम पर सफलता हासिल की है। प्रधानाचार्य विष्णु कुमार पांडेय ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जनपद स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
फोटो-39- प्रतियोगिता के दौरान लंबी कूद में अपना दमखम दिखती काजल सिंह। संवाद