फतेहपुर। करंट की चपेट में आए मवेशी को बचाने में युवक की झुलसने से मौत हो गई।
बिंदकी के मोहल्ला पैगंबरपुर निवासी निवासी सुनील दीक्षित के बेटे प्रांशु दीक्षित (17) की गाय पोल में उतरे करंट से चिपक गई। वह उस गाय को बचाने लगा, तभी करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मां नीरु दीक्षित की तहरीर पर पुलिस ने एसडीओ और जेई के खिलाफ लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर संजय पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
दो साल बाद मुकदमा
थाना थरियांव क्षेत्र के चकलमुगल बिलंदा गांव निवासी शबीना 2022 को पति मोहम्मद रफीक के साथ मायके गाजीपुर आई थी। रात को रफीक छत पर सोने चला गया। रात करीब नौ बजे छत के ऊपर से हाई वोल्टेज का तार टूटकर रफीक के शरीर पर गिरने से करंट से मौत हो गई थी। पुलिस ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की, तो पत्नी शबीना ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर विद्युत विभाग के जेई राकेश यादव व लाइनमैन नाजिम व लल्लू के खिलाफ लापरवाही बरतने का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है। गाजीपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर असावधानी बरतने पर पावर हाउस के तीन कर्मचारियों पर मुकदमा पंजीकृत कराया है। (संवाद)