फतेहपुर। डीजे का तार लगाते समय किशोर की करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे जिला अस्पताल से गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने जिला अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज नहीं करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत किया।
कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर चुंगी चौकी निवासी कल्लू रैदास के पुत्र चंदन उर्फ अभय (16) बृहस्पतिवार को होली खेलने पड़ोस में गया था। यहां डीजे बजाने के लिए वह तार लगा रहा था तभी करंट की चपेट में आने से वह झुलस गया।
लोगों ने तुरंत तार हटाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया जिसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। करीब 30 मिनट बाद वे फिर से शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर आरोप लगाकर हंगामा किया। कोतवाल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।