फाइल फोटो-31-शिवम सिंह। स्रोत: परिजन
हथगाम। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में मिट्टी लदे ट्रैक्टर से गिरकर किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद खनन स्थल पर जेसीबी और ट्रैक्टर को छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
सलेमपुर गांव के शिवबरन के खेत पर जेसीबी से मिट्टी का खनन हो रहा था। यहां गांव के ही सलेमपुर निवासी लवकुश सिंह का पुत्र शिवम सिंह (16) और कुछ अन्य लड़के मौके पर खनन देखने पहुंचे थे। घूमने के इरादे से शिवम ट्रैक्टर पर बैठ गया।
मिट्टी लदा ट्रैक्टर आगे बढ़ा तो लोड के कारण वह उछल गया और अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा। ट्राली के टायर के नीचे आने से वह बुरी तरह से कुचल गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद जेसीबी व ट्रैक्टर छोड़कर चालक भाग गया। शिवम के पिता लवकुश सिंह हल्द्वानी में रहकर मजदूरी करते हैं। वह इकलौता पुत्र था। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फाइल फोटो-31-शिवम सिंह। स्रोत: परिजन