किशनपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार को लापता हुई किशोरी को पुलिस ने मंगलवार को पड़ोसी युवक के साथ खोज लिया। हालांकि किशोरी की उम्र को लेकर मिले दो अलग-अलग शैक्षिक प्रमाणपत्रों ने मामले को उलझा दिया है। अब विद्यालय के अभिलेखों की जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय होगी।
पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को पड़ोसी युवक प्रमोद पटेल बहलाकर ले गया है। परिजन ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस ने किशोरी को युवक के साथ बरामद कर लिया। जांच के दौरान किशोरी की उम्र से संबंधित दो अलग-अलग विद्यालयों के प्रमाणपत्र मिले। एक प्रमाणपत्र में उसकी उम्र बालिग दर्शाई गई है, जबकि दूसरे में वह नाबालिग है। उम्र के सत्यापन के लिए पुलिस संबंधित विद्यालय पहुंची, लेकिन अवकाश होने के कारण शिक्षक नहीं मिले। अब बुधवार को विद्यालय के अभिलेखों की जांच कर किशोरी की वास्तविक उम्र का निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद ही आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विजयीपुर चौकी प्रभारी अखिलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय के अभिलेखों की जांच के बाद किशोरी की उम्र स्पष्ट होगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।